एमएस धोनी को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया ग

0

नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने हॉल ऑफ फेम में शामिल किया है। सोमवार को ICC ने इसकी घोषणा की।

धोनी यह सम्मान पाने वाले 11वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। ICC ने धोनी के करियर को लेकर कहा, “17,266 इंटरनेशनल रन, 829 शिकार और 538 मैच… ये आंकड़े सिर्फ उनकी प्रतिभा ही नहीं, बल्कि उनकी निरंतरता, फिटनेस और लंबे करियर का प्रमाण हैं।”

वहीं, धोनी ने इस सम्मान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “ICC हॉल ऑफ फेम में नाम आना एक बहुत बड़ा सम्मान है। दुनियाभर के दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम देखना मेरे लिए गर्व की बात है। यह पल मैं हमेशा संजोकर रखूंगा।”

5 पुरुष और 2 महिला क्रिकेटर लिस्ट में शामिल

ICC की ओर से हॉल ऑफ फेम 2025 की लिस्ट में कुल 7 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें 5 पुरुष और 2 महिला खिलाड़ी हैं। पुरुष खिलाड़ियों में दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला, भारत के महेंद्र सिंह धोनी, ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन, दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी शामिल हैं।

वहीं, महिला क्रिकेटरों में पाकिस्तान की सना मीर और इंग्लैंड की सारा टेलर को यह सम्मान मिला है।

जय शाह ने बधाई दी

ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा कि हॉल ऑफ फेम के जरिए हम उन खिलाड़ियों को सम्मान देते हैं जिन्होंने शानदार खेल दिखाकर क्रिकेट को खास बनाया और नई पीढ़ियों को प्रेरित किया।

जय शाह ने कहा, “इस साल हमें 7 बेहतरीन खिलाड़ियों को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल करने का मौका मिला है। मैं ICC की तरफ से सभी को दिल से बधाई देता हूं। उम्मीद है यह सम्मान उनके लिए एक यादगार पल होगा।”

तीनों ICC ट्रॉफी जिताने वाले एकमात्र भारतीय कप्तान

धोनी अब तक के एकमात्र भारतीय कप्तान हैं जिन्होंने भारत को तीनों ICC ट्रॉफी – 2007 T20 वर्ल्ड कप, 2011 ODI वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जिताई हैं। उनके नेतृत्व में भारत टेस्ट में भी नंबर-1 टीम बना। हालांकि उन्होंने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन IPL में अब भी खेल रहे हैं।

ICC बोला- मुश्किल परिस्थिति में कप्तान बने, टीम को जिताया

ICC ने बताया कि 2007 में जब भारत ODI वर्ल्ड कप में जल्दी बाहर हो गया था, तब मुश्किल परिस्थिति में T20 वर्ल्ड कप के लिए धोनी को कप्तान बनाया गया। उस युवा टीम में रोहित शर्मा, आरपी सिंह, दिनेश कार्तिक और रॉबिन उथप्पा जैसे नए चेहरे थे। धोनी ने इन खिलाड़ियों के साथ ऐसा आत्मविश्वास दिखाया कि भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता।

Leave A Reply

Your email address will not be published.