अमेरिका हिंसा- मास्क पहनने वालों की तुरंत गिरफ्तारी का आदेश
वाशिंगटन । 9 जून 25 । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने लॉस एंजिल्स में हो रहे प्रदर्शनों को रोकने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कानून प्रवर्तन एजेंसियों को आदेश दिया है कि जो लोग प्रदर्शन के दौरान मास्क पहन रहे हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अब से किसी भी प्रदर्शन में मास्क पहनने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अमेरिका के लॉस एंजिल्स शहर में सरकार की आव्रजन नीतियों के खिलाफ 3 दिन से हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। उपद्रवियों ने पूरे शहर में कई सड़कों पर आगजनी की है। इस दौरान सैकड़ों गाड़ियों को आग के हवाले किया है। कई प्रदर्शनकारी अमेरिकी झंडे पर थूकते और जलाते भी नजर आए।
प्रदर्शनकारी मास्क पहनकर सड़कों पर उतर रहे हैं ताकि वे सुरक्षा कैमरों से बच सकें। ट्रम्प ने लॉस एंजिल्स में फैली हिंसा और तोड़फोड़ के बाद वहां तैनात किए गए नेशनल गार्ड के जवानों की तारीफ भी की है। ये जवान आमतौर पर राज्य के गवर्नरों के आदेश पर बुलाए जाते हैं, लेकिन इस बार ट्रम्प ने खुद उनकी तैनाती कर दी।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि शहर पर अवैध प्रवासियों का कब्जा है, इसे जल्द आजाद कराया जाएगा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर एक्शन लेने की बात भी कही है।
ऑस्ट्रेलियाई रिपोर्टर को गोली लगी
विरोध प्रदर्शनों को कवर कर रही ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार लॉरेन टोमासी पर पुलिस ने रबर बुलेट फायर कर दी। यह घटना रविवार को उस समय हुई जब नाइन न्यूज की पत्रकार लॉरेन टोमासी लाइव रिपोर्टिंग कर रही थीं। वायरल हुए वीडियो में दिखा कि रबर बुलेट उनकी टांग में लगी
लॉरेन ने कहा- कई घंटों की तनातनी के बाद स्थिति अब तेजी से बिगड़ गई है। लॉस एंजिल्स पुलिस घोड़ों पर सवार होकर प्रदर्शनकारियों पर रबर बुलेट दाग रही है और उन्हें शहर के सेंटर से हटा रही है।”
इस दौरान पीछे से एक पुलिस अधिकारी की आवाज आई, जो कह रहा था कि तुमने अभी पत्रकार को गोली मारी। किसी ने लॉरेन से पूछा कि क्या वह ठीक हैं, तो उन्होंने जवाब दिया- मैं ठीक हूं।