जेवर एयरपोर्ट पर ऐतिहासिक सफलता — पहली उड़ान से पहले सभी तकनीकी परीक्षण पूरे, जल्द शुरू होगी ऑपरेशनल उड़ानें

0

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) अपने उद्घाटन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा चुका है। शुक्रवार को यहां सफलतापूर्वक केलिब्रेशन फ्लाइट ट्रायल पूरा किया गया, जिसके साथ अब पहली वाणिज्यिक उड़ान की उलटी गिनती शुरू हो गई है।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, ट्रायल के दौरान रनवे, नेविगेशनल सिस्टम और एप्रोच लाइट्स सहित सभी महत्वपूर्ण सुरक्षा और तकनीकी पैरामीटर्स की जांच की गई। केलिब्रेशन फ्लाइट ने सटीक माप के आधार पर सभी प्रणालियों को प्रमाणित किया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि हवाई अड्डा अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरता है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) के सीईओ ने बताया कि यह सफलता राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और एयरपोर्ट के संचालन की दिशा में यह अंतिम चरणों में से एक है। अब नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से सभी आवश्यक मंजूरियों के बाद वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत जल्द की जाएगी।

एयरपोर्ट परियोजना उत्तर प्रदेश सरकार और ज़्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल के सहयोग से तैयार की जा रही है। यह एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर के लिए एक वैकल्पिक हब के रूप में विकसित होगा और उत्तर भारत के विमानन क्षेत्र में नई संभावनाओं को खोलेगा।

अधिकारियों के अनुसार, नोएडा एयरपोर्ट के पहले चरण के पूरा होने के बाद इसकी सालाना क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की होगी। आगे चलकर इसका विस्तार चार चरणों में किया जाएगा, जिससे यह भारत के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों में से एक बन जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.