PAK रक्षामंत्री बोले-हमारे मिलिट्री एक्शन से मोदी की लोकप्रियता घटी

0

इस्लामाबाद , 08 अक्टूबर 2025 । भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण माहौल के बीच पाकिस्तान के रक्षामंत्री का एक विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने दावा किया है कि पाकिस्तान के हालिया मिलिट्री एक्शन के कारण भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता में गिरावट आई है। यह बयान दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव को और बढ़ा सकता है।

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि बिहार चुनाव की वजह से भारत भड़काऊ कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने यह बयान पाकिस्तानी न्यूज चैनल समा टीवी पर बुधवार को दिया।

ख्वाजा आसिफ ने कहा कि मई में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई से मोदी की लोकप्रियता घटी है। उनके समर्थक भी अब उनकी आलोचना कर रहे हैं। हमने संघर्ष के दौरान 6 भारतीय फाइटर जेट्स मार गिराए थे।

आसिफ बोले- भारत का समर्थन करने वाले देश अब चुप हैं

आसिफ ने दावा किया कि पहले जो देश भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान न्यूट्रल रहते थे, वे अब हमारे खेमे में शामिल हो गए हैं और जो भारत का समर्थन कर रहे थे, वे अब चुप हैं। यह बात भारत को सालों तक परेशान करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत सिर्फ औरंगजेब के समय ही एकजुट था। इतिहास बताता है कि औरंगजेब की हुकूमत के अलावा भारत कभी पूरी तरह एकजुट नहीं रहा। पाकिस्तान अल्लाह के नाम पर बना है। हम घर में आपस में लड़ते हैं, लेकिन भारत से लड़ाई होने पर एक हो जाते हैं।

पहले कहा था- भारत विमान के मलबे में दब जाएगा

ख्वाजा आसिफ ने तीन दिन पहले भारत को धमकी देते हुए कहा था कि अबकी बार जंग हुई तो भारत अपने लड़ाकू विमानों के मलबे के नीचे दब जाएगा। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया X पर लिखा कि भारतीय लीडरशिप अपनी खोई हुई विश्वसनीयता पाने के लिए भड़काऊ बयान दे रही है।

आसिफ ने आरोप लगाया कि नई दिल्ली जानबूझकर तनाव बढ़ा रही है ताकि नागरिकों का ध्यान घरेलू चुनौतियों से भटकाया जा सके।

‘चीनी हथियारों ने भारत के खिलाफ बेहतरीन काम किया’

पाकिस्तान की तरफ से बीते कुछ दिनों से लगातार भड़काऊ बयानबाजी की जा रही है। दो दिन पहले पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता जनरल अहमद चौधरी ने कहा था कि भारत के खिलाफ संघर्ष में चीनी हथियारों ने मई में बेहतरीन काम किया था।

उन्होंने कहा था कि हम हर तरह की तकनीक के लिए खुले हैं। चीनी तकनीक ने बहुत अच्छा काम किया। पाकिस्तान ने 7 भारतीय फाइटर जेट्स मार गिराए थे, जबकि भारत ने एक भी पाकिस्तानी विमान नहीं गिराया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.