IND vs ENG चौथा टेस्ट आज से

0

नई दिल्ली । भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट आज से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत को इस मैदान पर अब तक एक भी टेस्ट जीत नहीं मिली है।

टीम इंडिया 5 टेस्ट की सीरीज में 1-2 से पीछे है। पहला मुकाबला इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीता था। वहीं, दूसरा टेस्ट भारत ने 336 रन से अपने नाम किया था। तीसरा मैच इंग्लैंड ने 22 रन से जीतकर सीरीज में बढ़त बना ली।

तीसरे टेस्ट से 2 दिन पहले सोमवार को इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन जारी कर दी। टीम में एक ही बदलाव हुआ। इंजर्ड स्पिनर शोएब बशीर की जगह लेफ्ट आर्म स्पिनर लियम डॉसन को मौका मिला। बाकी 10 प्लेयर्स वही हैं, जो लॉर्ड्स टेस्ट में खेले थे।

ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड ने 4 टेस्ट हराए भारतीय टीम ने ओल्ड ट्रैफर्ड में पहला टेस्ट 1936 में खेला था। यह मैच ड्रॉ रहा था। 1936 से अब तक 89 सालों में भारत ने यहां 9 टेस्ट खेले, 4 गंवाए, जबकि 5 मुकाबले ड्रॉ रहे।

ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो भारत ने इंग्लैंड में अपना सफर 1932 में शुरू किया था। तब से अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 139 टेस्ट खेले गए। इसमें 53 इंग्लैंड ने अपने नाम किए, जबकि 36 मैच टीम इंडिया ने जीते। वहीं, 50 टेस्ट ड्रॉ रहे। भारत ने इंग्लैंड में 70 टेस्ट खेले। 10 ही जीते, लेकिन टीम ने यहां 22 टेस्ट ड्रॉ भी कराए हैं। 38 मुकाबलों में इंग्लैंड को जीत मिली।

दोनों टीमों के बीच अब तक 36 टेस्ट सीरीज खेली गईं। 19 इंग्लैंड ने और 12 भारत ने जीतीं। जबकि 5 ड्रॉ रहीं। 1932 से 2025 तक 94 साल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड में 19 टेस्ट सीरीज खेलीं। भारत ने 3 जीतीं, जबकि 2 ड्रॉ खेलीं। वहीं, 14 में टीम को हार का सामना करना पड़ा। भारत ने इंग्लैंड में आखिरी बार साल 2007 में टेस्ट सीरीज अपने नाम की थी। तब राहुल द्रविड़ भारत के कप्तान थे।

शुभमन गिल ने दूसरे टेस्ट में 269 और 161 रन बनाए थे। उन्होंने सीरीज के पहले टेस्ट में भी शतक लगाया था। वे इस सीरीज और टीम दोनों के टॉप स्कोरर हैं। वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज 13 विकेट के साथ बॉलिंग में टॉप पर हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.