साल के अंत तक डीटीसी के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 5000 हो जाएंगी- डॉ पंकज कुमार सिंह
नई दिल्ली। 21 जून 25 । दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने आज सचिवालय में दिल्ली ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। आज की बैठक में डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को डीटीसी के इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े को और तेजी से बढ़ाने, दिल्ली के अंतिम छोड़ तक बसों की कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ ही दिल्ली परिवहन निगम की वित्तीय सेहत को और ज्यादा मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही मंत्री महोदय ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को दिल्ली में जल्द से जल्द बसों के रूट रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया पूरी लागू करने का निर्देश दिया।
परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह के साथ हुई समीक्षा बैठक में ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने कहा कि इसी महीने 150 नई देवी इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हो जाएंगी। और इस साल के अंत तक डीटीसी में इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा बढ़कर 5000 बसों से ज्यादा का हो जाएगा।
परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की सड़कों पर दौड़ रही देवी इलेक्ट्रिक बसों को दिल्ली की जनता का शानदार रिस्पांस मिल रहा है। दिल्ली के जिन-जिन इलाकों में देवी बसें चल रही हैं, उस इलाके में रहने वाले लोगों को अब ऑटो और प्राइवेट कैब में धक्के नहीं खाने पड़ रहे हैं। साथ की बसों का किराया बेहद कम होने से लोगों को सफर के दौरान पैसे की भी बचत हो रही है।
ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की अहम बैठक में परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने बसों के रूट रेशनलाइजेशन करने पर विशेष तौर पर जोर देते हुए कहा कि फिलहाल डीटीसी ने 109 रूट को वेरीफाई कर लिया है। रूट रेशनलाइजेशन लेकर दिल्ली परिवहन निगम आईआईटी के साथ मिलकर काम कर रहा है। जिसका मकसद डीटीसी की बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाना, कनेक्टिविटी में सुधार करना और यात्रा को अधिक आरामदायक बनाना है। रूट रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया पूरी होने से डीटीसी बसों के मौजूदा मार्गों को पुनर्व्यवस्थित किया जाएगा ताकि बसों में सफर करने वाले यात्रियों को बेहतरीन और सुगम सेवा प्रदान की जा सके, जिससे अधिक से अधिक लोग डीटीसी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से जुड़ सकें।
मंत्री ने कहा कि बहुत जल्द डीटीसी की बसें अपनी रूटिन की यात्रा पूरी करने के बाद नजदीक वाले दिल्ली परिवहन निगम की किसी भी डिपो में खड़ी हो सकेंगी। जिससे बसों को चलाने की लागत में कमी आने के साथ ही लोगों के लिए यात्रा करना भी सुगम होगा। फिलहाल डीटीसी की बसों का संचालन एक निश्चित रूट पर होता है, और प्रत्येक रूट के लिए एक विशिष्ट डिपो निर्धारित होता है। बसें अपने निर्धारित रूट पर चलने के बाद उसी डिपो में वापस जाकर पार्क की जाती हैं
परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने दिल्ली परिवहन निगम की वित्तीय सेहत को और ज्यादा मजबूत करने और रेवेन्यू बढ़ाने के लिए आज की बैठक में विज्ञापन से कमाई करने पर विशेष तौर पर जोर दिया। मंत्री महोदय ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दिल्ली सरकार का मुख्य जोर डीटीसी को रेवेन्यू सरप्लस वाला मजबूत संस्था बनाना है। ताकि एक वर्ष के भीतर दिल्ली परिवहन निगम को लाभप्रद संस्था बनाने का लक्ष्य हासिल हो सके। डीटीसी को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदकाई में बदलने के लिए हमारी सरकार की प्रतिबद्ध है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने मंत्री महोदय को बताय कि 55000 स्क्वायर फीट एरिया को चिन्हित किया गया है। डीटीसी बस डिपो से लेकर बसों पर विज्ञापन के जरिए कमाई करने की योजना बना ली गई है। विज्ञापन के जरिए दिल्ली परिवहन निगम को रेवेन्यू बढ़ाने में मदद मिलेगी।
आज की बैठक में परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में डीटीसी को स्वच्छ और आर्थिक रूप से समृद्ध सार्वजनिक परिवहन प्रणाली बनाने की दिशा में हमारी सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाएं हैं। डीटीसी की वित्तीय सेहत को सुधार कर और ज्यादा मजबूत बनाने के साथ ग्रीन दिल्ली और क्लीन दिल्ली के संकल्प को पूरा करने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।