TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने बीजद नेता से शादी की

0

नई दिल्ली। ,5 जून, 2025 । तृणमूल कांग्रेस की चर्चित सांसद महुआ मोइत्रा ने बीजद नेता पिनाकी मिश्रा से दूसरी शादी कर ली है। सोशल मीडिया पर दोनों की एक तस्वीर सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि दोनों ने 3 मई को ही जर्मनी में शादी कर ली थी। हालांकि, सेरेमनी को पूरी तरह से प्राइवेट रखा गया था।

महुआ 50 साल की हैं। वह बंगाल के कृष्णानगर से दो बार की सांसद हैं। वहीं, 65 साल के पिनाकी मिश्रा ओडिशा के पुरी के पूर्व सांसद और सुप्रीम कोर्ट के बड़े वकील भी हैं। TMC की सबसे मुखर सांसदों में से शामिल महुआ मोइत्रा ने इससे पहले डेनिश फाइनेंसर लार्स ब्रोरसन से शादी की थी, जिससे उन्होंने तलाक ले लिया था।

महुआ लगभग तीन साल तक सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राई के साथ रिलेशनशिप में भी थीं। बाद में दोनों में झगड़ा हो गया। 2023 में दोनों के रिश्ते में खटास की बात मीडिया के सामने तब आई, जब देहाद्राई ने महुआ पर संसद में सवाल पूछने के बदले बिजनेसमैन और हीरानंदानी ग्रुप के CEO दर्शन हीरानंदानी से घूस लेने का आरोप लगाया था।

पिनाकी मिश्रा की भी यह दूसरी शादी, दो बच्चे भी हैं महुआ के पति पिनाकी मिश्रा 1996 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर पुरी से लोकसभा सांसद बने थे। वे दो साल तक सांसद रहे। इसके बाद 2009 में बीजद के टिकट पर दूसरी बार पुरी के सांसद चुने गए। फिर 2014 और 2019 में लगातार तीन बार चुनाव जीते।

2024 के चुनाव में भाजपा के संबित पात्रा ने उन्हें पुरी से चुनाव हरा दिया था। महुआ मोइत्रा की तरह पिनाकी मिश्रा की भी यह दूसरी शादी है। मिश्रा की पिछली शादी से एक बेटा और एक बेटी है। मिश्रा ने सेंट स्टीफंस कॉलेज से पढ़ाई की है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री हासिल की है। ​​

वहीं, असम में 12 अक्टूबर 1974 को जन्मी मोइत्रा ने 2010 में ममता बनर्जी की पार्टी के साथ राजनीति में कदम रखा था। इससे पहले उन्होंने न्यूयॉर्क और लंदन में जेपी मॉर्गन चेस के लिए एक निवेश बैंकर के तौर पर काम किया था। महुआ ने अमेरिका के मैसाचुसेट्स में माउंट होलोके कॉलेज साउथ हैडली से डिग्री ली है।

महुआ ने भी देहाद्राई को ‘जिल्टेड एक्स’ यानी धोखा खाया हुआ बताते हुए उन पर पर्सनल फोटोज और जानकारियां लीक करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद देहाद्राई ने महुआ पर कुत्ता चोरी और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया था।

महुआ कैश फॉर क्वेरी केस को लेकर विवादों में रहीं TMC सांसद महुआ मोइत्रा साल 2023 में कैश फॉर क्वेरी मामले को लेकर चर्चा में रही थीं। उनके पूर्व प्रेमी जब अनंत देहाद्राई ने 14 अक्टूबर, 2023 को महुआ पर संसद में सवाल पूछने के बदले घूस लेने का आरोप में CBI में केस दर्ज कराई थी।

इसके अगले दिन भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने महुआ को लोकसभा से सस्पेंड करने की मांग की। महुआ पर बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी से मंहगे गिफ्ट्स लेने के भी आरोप लगे थे। महुआ ने खुद ये बात मानी भी थी। 8 दिसंबर, 2023 को महुआ को लोकसभा से सस्पेंड कर दिया गया था।

महुआ ने संसद में 62 सवाल पूछे, इनमें 9 अडाणी से जुड़े थे 2019 में सांसद बनने के बाद से महुआ मोइत्रा ने पार्लियामेंट में 28 केंद्रीय मंत्रालयों से जुड़े 62 सवाल पूछे थे। इनमें पेट्रोलियम से लेकर कृषि, शिपिंग, नागरिक उड्डयन, रेलवे आदि शामिल थे।

sansad.in की वेबसाइट के मुताबिक, 62 सवालों में से सबसे ज्यादा 9 सवाल पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के लिए थे, उसके बाद वित्त के लिए आठ सवाल थे।

कुल 62 में से 9 सवाल अडाणी समूह से संबंधित थे। इनमें से छह सवाल पेट्रोलियम मंत्रालय के लिए और एक-एक सवाल वित्त, नागरिक उड्डयन और कोयला मंत्रालयों के लिए था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.