UP में आंधी-बारिश से 22 की मौत,महिला की गर्दन कटी- 31 राज्यों में अलर्ट

0

नई दिल्ली,22 मई । मौसम विभाग ने राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां हल्की से भारी बारिश तक हो सकती है। हालांकि, इन राज्यों के कुछ हिस्सों में तेज गर्मी का भी अलर्ट है।

उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम मेरठ, आगरा समेत 12 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इन जिलों में बिजली, पेड़ और दीवार गिरने से 22 की मौत हो गई। फिरोजाबाद में आंधी से उड़कर आई टीनशेड से महिला की गर्दन कट गई। 39 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है।

छत्तीसगढ़ में बुधवार को बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने मुताबिक, आज 10 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं जम्मू-कश्मीर के पुंछ में LoC के आसपास तूफान से कई स्कूल ढह गए। सेना रेस्क्यू में मदद कर रही है।

इधर, दिल्ली-NCR में बुधवार शाम करीब 8 बजे तेज आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश हुई और कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। तेज आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे तक गिर गए, जिस वजह से रास्ते जाम हो गए।

आंधी-तूफान और बारिश के बीच दो लोगों की मौत भी हो गई, जबकि कम से कम 11 लोग घायल हो गए। खराब मौसम के चलते दिल्ली मेट्रो की सेवाएं भी प्रभावित हुईं, जबकि 50 से ज्यादा फ्लाइट डिले हुईं। 10 फ्लाइट को जयपुर और एक को मुंबई डायवर्ट करना पड़ा।

राजस्थान के 17 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। बुधवार को देश के टॉप-5 गर्म शहरों की लिस्ट में राजस्थान के 3 शहर शामिल रहे। श्रीगंगानगर 47.6 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म शहर रहा। कई जिलों में अगले 2 दिन अधिकतम तापमान 48 डिग्री तक पहुंच सकता है।

गुजरात के 7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात में अगले चार दिन आंधी-बारिश की संभावना है। 23-25 मई के बीच कई जिलों में बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को प्रदेश के 49 शहरों में बारिश हुई। आज सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, आनंद, भरूच, नर्मदा और छोटा उदेपुर में बारिश का यलो अलर्ट है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.